शुक्रवार, 6 जुलाई 2012

दरख़्त और देवता !


मेरे ख्याल से एक दरख़्त देवताओं को पूजने का बेहतर तरीक़ा है बजाये पत्थर की मूर्ति के। पहली बात तो दरख्त चेतन है पत्थर की तरह जड़ नहीं। दूसरी बात - रूह का एक शरीर से दूसरे शरीर में प्रवेश करना हमारी पौराणिक कथाओं का आम हिस्सा है। इस लिहाज़ से देखा जाय तो दरख्त की पूजा से हमें बेहतर सुकून की गुंजाइश रहती है।वैसे भी बेजान मूर्ति और वह भी किसी claustrophobic मंदिर में हमारी आध्यात्मिक ज़रूरत को  क़तई पूरा नहीं कर सकती है । 
          ग्राम देवता सिद्ध बाबा का बडोल गाँव में कोई मंदिर नहीं है। चंडाखाल के ढलान पर मौजूद घरों के पीछे एक (शायद) पीपल का दरख्त है। आसानी से दिखने वाला और सूर्य की रौशनी में अपने हरेभरे पत्तों से आच्छादित इस दरख़्त के तने पर तरह तरह के रंगीन धागे बंधे हैं। हर धागा किसी  की दिली मुराद का मुजाहिरा है । यहाँ के बाशिंदे इस दरख़्त पर धूप बत्ती जला कर सिद्ध बाबा की आराधना करते हैं। आस्था से भला कौन जिरह कर सकता है? 
मुझे सिर्फ हैरत इस बात की है के सिद्ध बाबा नाम से ऐसा जान पड़ता है मानो किसी सूफी पीर की इबादत होती है.


महज़ मेरा ख़याल............

बुधवार, 4 जुलाई 2012

स्वप्न !


कल दिन के वक़्त सो रहा था के एक स्वप्न देख कर यकायक जाग उठा.  स्वप्न विचित्र था, अद्भुद था. बलके यूँ  कहें सनसनीखेज़ और मानीखेज़ था. एक राज़गार कथानक का आग़ाज़ था.  स्वप्न का परिद्रश्य बडोल गाँव था, किसी घर में, शायद डांड वाले घर का कोई बड़ा कमरा; कई लोग बैठे गुफ्तगू में मशगुल थे के अचानक ही एक रहस्यमय शख्स कमरे में दाख़िल हुआ और अपनी ज़ेब से ताश की गड्डी निकाल कर कमरे में मौजूद सभी अफराद को एक एक पत्ता देने लगा. शख्स के चेहरे पर कोई भाव नहीं था न तो वह दोस्त नज़र आता था न ही दुश्मन. हैरत की बात यह थी की किसी ने भी उस शख्स का प्रतिवाद नहीं किया चुपचाप बांटे गए ताश के पत्ते को ग्रहण कर लिया. शायद उस आदमी की शख्सियत ही ऐसी तेजतर्रार और अर्थपूर्ण थी के वहाँ बैठे लोगों का ज़ोर उसकी ओर से होने वाली रहस्यमय हरकत पर थी. वे सभी उसके अगले क़दम का बेशब्री से इंतज़ार कर रहे थे. 
ताश के पत्ते देखने में ज़रूर ताश जैसे ही थे लेकिन उन पत्तों में कुछ और ही था. हर पत्ते पर एक साधारण सा दिखने वाला स्केच था, यानी किसी के पत्ते पर कुर्सी का स्केच था तो किस्सी और के पत्ते पर छूरी दर्ज थी. कुल मिला कर सभी बन्दों को कुछ जुदा जुदा तश्वीरें मिली. फिर अचानक ही वह शख्स सभी लोगों पर एक अर्थपूर्ण द्रष्टि डाल कर वहाँ से चला गया..........


अभी  बाक़ी है.....


   

मंगलवार, 3 जुलाई 2012

चरक की डांड


चरक की डांड,  चंडा-खाल की तरह बडोल गाँव स्थित पर्वत श्रंखला पर मौजूद एक उतंग शिखर है। अगर हिम्मत की जाए और मेहनत से इस शिखर पर चढ़ने का प्रयास करें  तो वहां से एक अद्भुद दृश्य देखने को मिलेगा। हिमालय की हिमाच्छादित श्रृखला का नज़ारा वहां से आसानी से सुलभ है। यूँ तो लोकगीत 'बेडू पाको बारा मासा ....' में 'का-फल' का ज़िक्र आता है, बताते हैं के 'का-फल' चैत्र में पकता है लेकिन वास्तव में ऐसा नहीं है. अलग अलग स्थान पर 'का-फल' अलग अलग वक़्त पकता  है और इस वक़्त 'का-फल' चरक की डांड पर अच्छी तरह पका हुआ मिलेगा।

       सरकारी नीतिया यूँ तो जनता की भलाई के लिए बनायीं जाती हैं लेकिन ज़मीनी सचाई से ना-वाक़िफ अफसरान इस बात से बेख़बर रहते हैं के कोई भी नीति हर भू-भाग, हर समय चक्र और हर संस्कृति के सर्वथा अनुकूल नहीं हो सकती, लिहाज़ा अक्सर इन नीतियों के दुष्प्रभाव जल्दी ही नज़र आने लगते हैं। कभी कभी नीतियाँ किसी नज़दीकी और गहन समाया से जूझने के लिया बनायीं जाती मगर 'over reach' का शिकार हो जाती हैं। अब शिकार पर पूर्ण पाबंदी को ही लीजिये, एक तरह से ठीक ही है के बाघ घोर संकट की घडी से गुज़र रहा है और उस के शिकार पर पूर्ण पाबंदी हो लेकिन जंगली सूवर पर शिकार की पाबंदी भला क्यूँ?


गाँव वाले अब खेती नहीं करते, एक तो पानी की समस्या है, खैर ये तो गर्मी भर की बात है लेकिन साल के अन्य वक़्त भी खेती करना फायेदे का सौदा नहीं है।वजेह? सूवारों का उत्पात। अब अगर आप खेती करना चाहते हैं तो आप को खेत के चर्रों तरफ ऊंची और मजबूत बाड़ लगनी होगी, किसमे इतनी कूव्वत है भला!









मल्या गाँव का एक खेत, 'मुंगरी' उगाई जा रही है।  सूअर से बचने के लिए खेत में लगाई बाड साफ़ दिखाई पड़ रही है। मल्या गाँव में पानी समस्या नहीं है।



रविवार, 1 जुलाई 2012

आखिर बडोल गाँव के मंदिर में क्या खराबी है?



कुछ भी तो ठीक नहीं है । मंदिर अपने आप में महज़ अर्चना-पूजा का स्थल नहीं है वह तो हमारी  आध्यात्मिक ज़रूरत को पूरा करने का जरिया है। वास्तव में मंदिर वास्तु कला  का  अद्भुद नमूना होता है। उसका एक क्लासिकल  खाका  होता  है ,मसलन वह उस परिदृश्य का सबसे अहम् हिस्सा हो जहां उसे बनाया गया है, बनावट चौकोर , षट्भुज अथवा अष्टभुज पैमाने पर हो , सामने नृत्यशाळा हो , दिशा इस प्रकार से हो के सूर्य की प्रथम किरण  अग्रभाग को चीर कर सीधे स्थापित मूर्ति  पर पड़े ।  गुम्बद डिजाईन के भी इसी प्रकार दिशानिर्देश हैं। इस दृष्टि से तो गाँव का मंदिर पूर्ण रूप से असफल प्रयास है। 


मेरी अपनी  राय में मंदिर दरअसल  हमारी सौन्दर्यबोध  की परिणिति है , कल्पना की वह उड़ान  जो  किसी भी इमारत की  'functional' ज़रूरतों से आज़ाद है, सिर्फ ऐसा एहसास जो हमारी आध्यात्मिक अनुभूति को अपनी चरम सीमा पर ले जाता  हो!  मिटटी और पत्थर को जोड़ कर कोई भी इमारत  खड़ी  कर दी जाए और उसमें  मूर्ति स्तापित कर दी  जाये  यह तो हमारी सौन्दर्यबोध कल्पना का भद्दा मजाक है ।


अब आप अपने गाँव के मंदिर पर नज़र डालें और बताएं के उस नैसार्गिक भूद्र्श्य  पर इस भद्दे  मजाक की क्या ज़रूरत थी?



बडोल गाँव आखिर क्या बला है?

हमारे एक पडोसी हैं, जनाब बिस्ट साहब, पोखरा गाँव है उनका. सतपुली से एक रास्ता कुमाऊं की तरफ निकलता है और गढ़वाल की हद पर पोखरा गाँव है. अच्छी ऊंचाई है लिहाज़ा मौसम साल भर खुशगवार रहता है। मैंने कहा, अभी भी हमारे घर दो आम के दरख़्त हैं जिनमे बेशुमार आम होते हैं'. कहने लगे, आप का गाँव तो काफी नीचे है आम ऊंचाई पर नहीं लगते. बात एकदम दुरस्त है, बडोल गाँव यूँ समझ लीजिये कोटद्वार की ही ऊंचाई पर है लेकिन एक वादी में बसा है। हर तरफ गगनचुम्बी चोटियाँ मसलन चांडाखाल, चरक की डांड वगैरह. गाँव चूंके वादी की तलहटी पर है लिहाज़ा दिन के वक़्त मौसम गरम हो जाता है लेकिन रात में तापमान गिर कर खुशगवार हो जाता है।

कभी हमारा गाँव कोटद्वार दुग्ग्डा के ज़मीने रास्ते पर पड़ता था उस वक़्त की बात ही और थी. टट्टुओं का सिलसिला लगातार ज़ारी रहता था  सामान का ऊपरी बस्तियों में पहुंचाने का वही अच्छा तरीका था. इस वक़्त गाँव अपनी अहमियत खो चूका है, मुट्ठी भर घर रह गए है और वह भी वीरान हैं।......


मिताई गढ़वाली बोलणी नि आन्द . जैकू आन्द वैकु यख आपणा विचार प्रकट करण वास्ते आमंत्रण देणा छुं .